पिथौरागढ़, 28 जुलाई। लगातार हो रही भारी वर्षा के बीच मंगलवार सुबह पिथौरागढ़ नगर क्षेत्र में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब विदेशी मदिरा की दुकान के निकट स्थित एक विशाल पेड़ झुककर श्रृंगार ब्यूटी पार्लर की छत पर आ गया। पेड़ के झुकने से आसपास की दुकानों, राहगीरों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडराने लगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह 09:24 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से अग्निशमन एवं आपात सेवा केन्द्र पिथौरागढ़ को घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में फायर रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।

मौके पर पहुंचकर टीम ने पहले क्षेत्र को सुरक्षित किया और स्थिति का आकलन करने के बाद वुडन कटरों की सहायता से विशाल पेड़ को छोटे-छोटे हिस्सों में काटकर सुरक्षित रूप से हटाया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से आसपास की दुकानों में मौजूद लोगों, राहगीरों और संपत्ति को संभावित नुकसान से बचा लिया गया।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने फायर सर्विस टीम की तत्परता, पेशेवर कार्यशैली और मानवीय सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रशासन ने लगातार हो रही वर्षा के मद्देनज़र नागरिकों से अपील की है कि वे कमजोर पेड़ों, जर्जर भवनों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित विभागों को दें।