पिथौरागढ़। रई क्षेत्र में पेयजल उपभोक्ता लंबे समय से पाइप लाइनों के जाल के कारण परेशानियों का सामना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार नारायण अस्पताल से सांवल अस्पताल तक सड़क किनारे बड़ी संख्या में पेयजल पाइप लाइनें बिछी हुई हैं, जिसके चलते आए दिन पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे फैली पाइप लाइनों के ऊपर या आसपास वाहनों की पार्किंग होने से पाइप क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। पाइपों की संख्या अधिक होने के कारण लीकेज या पाइप टूटने की स्थिति में संबंधित लाइन को तलाशना भी मुश्किल हो जाता है।

स्थानीय नागरिक कौशल पंत ने बताया कि पाइप लाइनों के इस जाल के कारण लगभग हर दूसरे दिन किसी न किसी पाइप के टूटने की समस्या सामने आ रही है। इससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित होती है और उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ती है।

स्थानीय उपभोक्ताओं ने पेयजल विभाग से मांग की है कि नारायण अस्पताल से सांवल अस्पताल तक की दूरी में यदि एक व्यवस्थित और पर्याप्त क्षमता वाली मुख्य पाइप लाइन बिछा दी जाए तथा वर्तमान बिखरी हुई पाइप लाइनों को व्यवस्थित किया जाए, तो बार-बार होने वाली टूट-फूट और पेयजल आपूर्ति में आने वाली बाधाओं से काफी हद तक निजात मिल सकती है।

उपभोक्ताओं ने विभाग से मामले का स्थलीय निरीक्षण कर स्थायी समाधान की दिशा में जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।

वाणी न्यूज़