खड़कोट। राजकीय निराश्रित महिला कार्यशाला खरकोट में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में कार्यशाला में रहने वाली महिलाओं सहित उपस्थित लोगों ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व में भाग लिया।
समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सलामी देकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण का भाव व्यक्त किया। महिलाओं ने तिरंगे के रंग वाली पट्टियां धारण कर स्वतंत्रता दिवस की खुशी साझा की। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
ध्वजारोहण के बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। महिलाओं ने राष्ट्रभक्ति से जुड़े गीत प्रस्तुत किए, जिन्हें सुनकर उपस्थित लोग भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर सामाजिक चिंतक डॉ. तारा सिंह ने कहा कि देश को आजादी लंबे संघर्ष और लाखों शहीदों के बलिदान के बाद मिली है। स्वतंत्रता को सुरक्षित रखना और देश को विकास की दिशा में आगे ले जाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यशाला के अधीक्षक रविंद्र कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए गौरव और खुशी का राष्ट्रीय पर्व है। राष्ट्र की गरिमा, एकता और अखंडता को बनाए रखना हम सभी का प्रथम कर्तव्य है। समारोह में संजय कुमार, लक्ष्मी बिष्ट, राखी, मंजू देवी, गीत देवी, अंजली, लुंठी सहित कार्यशाला की अनेक महिलाएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और उपस्थित अतिथियों ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने कार्यशाला में रहने वाली महिलाओं के भीतर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत किया।
रिपोर्ट: डॉ. तारा सिंह


