बागेश्वर। राजस्व संवर्धन को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्यों के सापेक्ष की जा रही वसूली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राजस्व संग्रह में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित राजस्व लक्ष्यों के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने तथा नियमानुसार देय वसूलियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बिजली चोरी पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बिजली चोरी और विद्युत अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी बिजली चोरी अथवा किसी प्रकार की अनियमितता सामने आए, वहां नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए।
उन्होंने विद्युत विभाग को प्रवर्तन गतिविधियों में लगातार तेजी लाने और राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राजस्व संग्रह बढ़ाने के साथ-साथ प्रवर्तन कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाए, ताकि निर्धारित राजस्व लक्ष्यों को समय पर हासिल किया जा सके।
जिलाधिकारी ने बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से विभागवार प्रगति पर विशेष ध्यान देने और राजस्व संग्रह की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


