सिरतोला। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत सिरतोला में सीमांत डेवलपमेंट सोसाइटी की ओर से “दौड़ें स्वास्थ्य के लिए, दौड़ें नशामुक्त समाज के लिए” संदेश के साथ हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन में महिलाओं समेत करीब 50 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मैराथन की शुरुआत पंचायत घर सिरतोला से हुई। प्रतिभागी वहां से दौड़ते हुए तहसील बंगापानी परिसर पहुंचे, जहां से वापस लौटकर खाड़ीबगर स्टेडियम तक दौड़ पूरी की गई। खाड़ीबगर स्टेडियम में मैराथन का समापन हुआ।

आयोजन का उद्देश्य युवाओं और ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना रहा। मैराथन में महिलाओं की भागीदारी ने भी आयोजन को विशेष रूप से उत्साहपूर्ण बनाया।

मैराथन में सीमांत डेवलपमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष प्रकाश गोस्वामी, पूर्व ग्राम प्रधान नंदन सिंह, महेश सिंह, आनंद सिंह, भूपेंद्र सिंह, जीवन सिंह, देवेंद्र सिंह, जगदीश राम, हरीश सिंह, गगन सिंह, मनोज सिंह, दीपक सिंह, भरत गोस्वामी, चंदू रावत, सोनू रावत, रवि कुमार, जमुना देवी, हेमा देवी, इंद्रा देवी, विमला देवी और संतोषी देवी समेत अन्य युवा शक्ति ने हिस्सा लिया।

आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज