पिथौरागढ़। जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मंगलवार को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर बारिश से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया और विभिन्न तहसीलों से सीधे संपर्क कर जमीनी हालात की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने आपदा कंट्रोल रूम से सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने निर्देश दिए कि बरसात के दौरान किसी भी आपात सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए और पूरी आपदा प्रबंधन प्रणाली को अलर्ट मोड पर रखा जाए, ताकि प्रभावित क्षेत्रों तक राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
बारिश के कारण सड़क बंद होने की संभावनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जहां भी मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिले, वहां तत्काल मशीनरी पहुंचाकर यातायात सुचारू कराया जाए। उन्होंने सभी जेसीबी मशीनों को तत्पर स्थिति में रखने के निर्देश दिए, जिससे मलबा हटाने का कार्य बिना विलंब शुरू किया जा सके।
पेयजल व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं बारिश के कारण पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होती है तो उसकी तत्काल मरम्मत कर लोगों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को निर्देशित किया कि किसी भी आपात सूचना पर संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि बरसात के दौरान नदी-नालों और जोखिम भरे स्थानों से दूर रहें तथा अत्यावश्यक होने पर ही यात्रा करें।
किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपदा कंट्रोल रूम के नंबरों पर सूचना दे सकते हैं।
जिला आपदा कंट्रोल रूम 8218857220 8449305857 05964-226326 निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। _ vaninews.in


