पिथौरागढ़, 25 सितंबर 2026।
विद्या भारती द्वारा देशभर में वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को ‘वंदे मातरम सामूहिक गायन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी क्रम में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, पिथौरागढ़ में भी प्रातः ठीक 11 बजे एक समय, एक स्वर और एक लय में वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं के साथ अभिभावकों, प्रबंध समिति के सदस्यों तथा समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सामूहिक गायन के दौरान विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मंजुल अवस्थी ने अपने संबोधन में वंदे मातरम के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देश, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि हंसा धामी ने ‘नमामि भारतम्’ के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम की अध्यक्ष आशा पुनेठा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। विशिष्ट अतिथि गौशिया मैडम की भी कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रेखा जोशी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, प्रबंध समिति के सदस्यों, विद्यार्थियों एवं समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रहित और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता के संकल्प के साथ हुआ ।
_ कपिल भट्ट वाणी न्यूज


