पिथौरागढ़। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता मिली है। जाजरदेवल थाना पुलिस ने वड्डा चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो लोगों को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस का वजन पन्नी समेत 192 ग्राम बताया गया है।

जानकारी के मुताबिक, विगत देर शाम थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम वड्डा क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस ने दो व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 192 ग्राम चरस बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से पंकज सिंह सौन (30 वर्ष), निवासी हल्दू और हरीश सिंह (40 वर्ष), निवासी सुवाकोट वड्डा को गिरफ्तार किया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना जाजरदेवल में धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आशीष रावत, चौकी प्रभारी वड्डा, उपनिरीक्षक महावीर सिंह, कांस्टेबल त्रिलोक सिंह और कांस्टेबल चालक मनोहर कापड़ी शामिल रहे।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई गतिविधि नजर आने पर मानस हेल्पलाइन 1933 अथवा पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

_ कपिल भट्ट वाणी न्यूज