पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ पुलिस परिवार ने वर्षों तक निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ जनसेवा और पुलिस सेवा का दायित्व निभाने वाले अपने वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके उल्लेखनीय योगदान को नमन किया। सेवानिवृत्ति समारोह में भावुक माहौल के बीच सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं शुभकामनाएं भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह में पुलिस उपाधीक्षक श्री कुंवर सिंह रावत को 28 वर्ष 5 माह 21 दिवस की गौरवपूर्ण सेवा पूर्ण करने पर सम्मानित किया गया। वहीं मुख्य आरक्षी (अभिसूचना) श्री कैलाश चन्द्र ने 40 वर्ष 8 माह 30 दिवस, मुख्य आरक्षी श्री भुवन सिंह ने 17 वर्ष 8 माह 11 दिवस तथा आरक्षी श्री पंकज देऊपा ने 20 वर्ष 9 माह 9 दिवस की सराहनीय सेवाएं पूर्ण कर विभाग से सम्मानपूर्वक विदाई ली।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ श्री अक्षय प्रहलाद कोंडे ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि विभाग को दी गई उनकी सेवाएं सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगी और उनकी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी तथा समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होंगे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित दायित्व है। सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने लंबे सेवाकाल में जिस निष्ठा और ईमानदारी के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, वह विभाग के लिए गर्व का विषय है और उनके योगदान को सदैव सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा।
समारोह के दौरान पुलिस उपाधीक्षक पिथौरागढ़ श्री गोविन्द बल्लभ जोशी, प्रतिसार निरीक्षक श्री नरेश चन्द्र जखमोला सहित जनपद पुलिस के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं शुभकामनाएं भेंट कर भावभीनी विदाई दी। पूरे समारोह में सम्मान, आत्मीयता और भावनात्मक वातावरण देखने को मिला।


