पिथौरागढ़। विश्व पर्यटन दिवस 2026 के अवसर पर पर्यटन विभाग की ओर से जनपद में विभिन्न साहसिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के जरिए युवाओं और बच्चों को साहसिक पर्यटन से जोड़ने के साथ ही पिथौरागढ़ में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जनपद के अलग-अलग पर्यटन स्थलों पर ट्रैकिंग, साइकिलिंग और रॉक क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।

मुनस्यारी में 25 बच्चों ने मुनस्यारी से खलियाटॉप तक ट्रैकिंग की, जबकि जिला मुख्यालय में 20 बच्चों ने साइकिलिंग रैली में प्रतिभाग किया। वहीं, भाटकोट स्थित एडवेंचर पार्क में रॉक क्लाइंबिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 30 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

पर्यटन विभाग के अनुसार, इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं और बच्चों को साहसिक पर्यटन की ओर आकर्षित करने के साथ-साथ जनपद के विभिन्न पर्यटन स्थलों की संभावनाओं को सामने लाना है। पिथौरागढ़ के मुनस्यारी सहित अन्य क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई।

कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के राजेंद्र सिंह धामी, एडवेंचर लवर संस्था के अशोक भंडारी, किशोर बोरा, शंकर खरायत सहित अन्य लोग मौजूद रहे। _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज