पिथौरागढ़। 19 सितंबर ! जनपद के बिण गांव निवासी एवं ऑपरेशन विजय के वीर शहीद लेफ्टिनेंट हेमंत महर की 26वीं पुण्यतिथि पर पूर्व सैनिक संगठन की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स एवं आम नागरिकों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के धर्मगुरु नवीन गुरुरानी ने मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमा पूजन कर किया। शहीद की चाची श्रीमती महेश्वरी महर ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सेना मुख्यालय की ओर से 12 कुमाऊं रेजिमेंट के सूबेदार महिमन सिंह, पूर्व सैनिक संगठन की ओर से कैप्टन धरम सिंह तथा एनसीसी की ओर से लेफ्टिनेंट गंगा सिंह ने पुष्पचक्र अर्पित किए।

ऑपरेशन विजय में दिखाई अदम्य वीरता लेफ्टिनेंट हेमंत महर ने 19 सितंबर 2000 को कारगिल के नौगांव सेक्टर में ऑपरेशन विजय के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए सात दुश्मनों को मार गिराया और कई शत्रु चौकियों को नष्ट किया। उनकी वीरता और सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासित ड्रिल के माध्यम से शहीद के प्रति सम्मान और देशप्रेम की भावना प्रदर्शित की।

पूर्व सैनिक संगठन ने कहा कि शहीदों का त्याग भारतीय सेना का गौरव है और उनकी वीरगाथाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी। संगठन के उपाध्यक्ष रमेश सिंह महर ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के हृदय में देश सर्वोपरि की भावना होनी चाहिए और वीर शहीदों का सम्मान निरंतर किया जाना चाहिए।

इस दौरान संगठन ने शहीदों की पुण्यतिथियों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में शासन-प्रशासन एवं जिला सैनिक कल्याण कार्यालय की अनुपस्थिति पर चिंता जताई। संगठन ने इस संबंध में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई।

कार्यक्रम में नायब सूबेदार हयात सिंह, शेर सिंह, सुरेश पुनेरा सेना मेडल, जगत सिंह, ललित मोहन जोशी सहित अनेक पूर्व सैनिक, गणमान्य नागरिक एवं आमजन उपस्थित रहे। _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज