पिथौरागढ़। भारत रत्न, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती जनपद में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर पंत जी के स्वतंत्रता आंदोलन, सामाजिक सुधार और राष्ट्र निर्माण में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को याद किया गया।

जयंती के अवसर पर स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली। वहीं खेल विभाग की ओर से क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं और खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

पंत पार्क में दी श्रद्धांजलि घंटाकरण स्थित पंत पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित गणमान्य नागरिकों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान वक्ताओं ने पंत जी के जीवन संघर्ष, राष्ट्र एवं समाज के लिए किए गए कार्यों और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी संघर्ष किया और समाज में एकता एवं समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कुली बेगार प्रथा के खिलाफ भी उठाई आवाज जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में पंडित गोविंद बल्लभ पंत का योगदान अमूल्य है। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय एवं सामाजिक आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई और हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा।

उन्होंने कहा कि कुमाऊं में प्रचलित कुली बेगार जैसी कुप्रथा के खिलाफ संघर्ष में भी पंत जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका राष्ट्र प्रथम का विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है।

जिलाधिकारी ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत के बताए मार्ग पर चलना और उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

नगर निगम सभागार में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम कार्यक्रम के बाद नगर निगम सभागार में पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलाकारों और स्कूली बच्चों ने प्रस्तुतियों के माध्यम से पंत जी के व्यक्तित्व, संघर्ष और राष्ट्र सेवा की भावना को श्रद्धापूर्वक प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।

_ कपिल भट्ट वाणी न्यूज