मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित "ड्रग फ्री देवभूमि मिशन-2025" के तहत पिथौरागढ़ पुलिस जनपद में नशे के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत का संज्ञान लेते हुए मुनस्यारी पुलिस ने ग्राम बौना में अवैध भांग की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

थानाध्यक्ष मुनस्यारी अनिल आर्या के नेतृत्व में तथा मदकोट चौकी प्रभारी योगेश कुमार और पुलिस टीम ने ग्राम बौना क्षेत्र में निरीक्षण एवं सत्यापन अभियान चलाया। जांच के दौरान लगभग 4 नाली क्षेत्रफल में उगाई गई अवैध भांग की खेती चिन्हित की गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ संवाद कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों, मादक पदार्थों के सेवन एवं तस्करी से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस ने ग्रामीणों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी अवैध भांग की खेती, मादक पदार्थों की तस्करी या नशे से जुड़ी कोई गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशे के कारोबार और अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।