थल, 01 अगस्त। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) जीवन चुफाल ने शनिवार को थल सहित क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं आवश्यक संसाधनों की समीक्षा की।
थल पहुंचने पर भाजपा प्रदेश महिला प्रकोष्ठ सदस्य शशिकला सत्याल, ग्राम प्रधान सुनील सत्याल, सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कार्की, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमित सत्याल, कार्तिक सत्याल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रतिनिधियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थल में वार्ड आया की कमी, विद्युत व्यवस्था में आ रही समस्याओं तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के अभाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक स्टाफ और संसाधनों की व्यवस्था करने की मांग की।
सीएमओ जीवन चुफाल ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार एवं सुविधाओं को सुदृढ़ करने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और अस्पतालों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
Riport : ANIL KARKI : THAL


