पिथौरागढ़। जे.बी. मेमोरियल मानस एकेडमी, पिथौरागढ़ के दो पूर्व छात्रों आदेश कुमार और रितेश मेहरा ने संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय, परिवार और पिथौरागढ़ का नाम रोशन किया है। आदेश कुमार ने ऑल इंडिया रैंक 232, जबकि रितेश मेहरा ने ऑल इंडिया रैंक 252 हासिल की है।

दोनों छात्रों की सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने सीडीएस के साथ-साथ वायु सेना की प्रवेश परीक्षा AFCAT में भी सफलता प्राप्त की है। उनकी यह उपलब्धि मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और देश सेवा के प्रति समर्पण का परिणाम मानी जा रही है।

आदेश कुमार और रितेश मेहरा की सफलता मानस एकेडमी के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का संदेश है। दोनों पूर्व छात्रों ने यह साबित किया है कि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत लगातार जारी रहे और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाया जाए तो कठिन से कठिन प्रतियोगी परीक्षा में भी सफलता हासिल की जा सकती है।

मानस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार पंत, प्रबंधक श्रीमती कंचन लता पंत, निदेशक श्रीमती मीनू भट्ट एवं श्री देवाशीष पंत, प्रशासनिक अधिकारी श्री जी.एस. बोहरा, प्रधानाचार्या श्रीमती सुनीता रावत तथा श्रीमती लक्ष्मी चौहान, श्री प्रकाश चंद्र, श्री एस.एस. बोहरा सहित समस्त मानस परिवार ने दोनों छात्रों को उनकी उल्लेखनीय सफलता पर हार्दिक बधाई दी।

विद्यालय परिवार ने कहा कि आदेश और रितेश की उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए गर्व का विषय है, बल्कि मानस एकेडमी के उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है, जो भविष्य में सेना, वायु सेना और अन्य प्रतिष्ठित सेवाओं में जाकर देश की सेवा करने का सपना देखते हैं।

दोनों पूर्व छात्रों की इस सफलता ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि सपने वही पूरे होते हैं, जिनके लिए मेहनत और अनुशासन के साथ लगातार प्रयास किया जाए। मानस एकेडमी परिवार ने दोनों के उज्ज्वल, सफल एवं गौरवपूर्ण करियर की कामना की है। _Vaninews