पिथौरागढ़, 20 अगस्त। सीमांत क्षेत्रों में जनसहभागिता बढ़ाने, ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सुरक्षा संबंधी जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ पुलिस लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में 19 अगस्त को पुलिस उपाधीक्षक पिथौरागढ़ गोविन्द बल्लभ जोशी की अध्यक्षता में वाइब्रेंट विलेज जमतड़ी में जागरूकता कार्यक्रम एवं थाना दिवस आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक के साथ थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पाण्डेय, चौकी वड्डा प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष रावत सहित पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर जनसंवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों, विशेषकर बुजुर्गों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और स्वास्थ्य, सामाजिक तथा विभागीय विषयों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को महिलाओं से संबंधित सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। साथ ही अवैध भांग की खेती नहीं करने और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

कार्यक्रम में आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता के लिए डायल 112 तथा पुलिस सहायता नंबर 9411112982 की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।

सीमा पर संयुक्त गश्त जनसंवाद कार्यक्रम के बाद पुलिस एवं एसएसबी की टीम ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त गश्त की। इस दौरान सीमा क्षेत्र की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।

पुलिस का कहना है कि सीमांत गांवों में ग्रामीणों के साथ निरंतर संवाद और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय से सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।