पिथौरागढ़। सोशल मीडिया पर पुलिस वर्दी में आपत्तिजनक एवं भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने के मामले में पिथौरागढ़ पुलिस ने एक आरक्षी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। संबंधित आरक्षी के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाही भी प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, जनपद पिथौरागढ़ में तैनात आरक्षी अमित कुमार, जिन्हें 23 जुलाई 2026 को कांवड़ मेला ड्यूटी के लिए हरिद्वार भेजा गया था, द्वारा 30 जुलाई 2026 को पुलिस वर्दी में एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि उक्त पोस्ट विभागीय नियमों, सेवा आचरण तथा पुलिस कर्मियों से अपेक्षित निष्पक्षता और मर्यादा के विपरीत है।
पुलिस ने बताया कि संबंधित आरक्षी का यह कृत्य उत्तराखण्ड सरकारी सेवक आचरण नियमावली-2002, पुलिस अधिनियम-2007 तथा विभाग की सोशल मीडिया नीति का स्पष्ट उल्लंघन है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, आरक्षी अमित कुमार का पूर्व में शिकायतों के आधार पर रुद्रप्रयाग से पिथौरागढ़ स्थानांतरण किया गया था। उनके विरुद्ध अनुशासनहीनता, ड्यूटी में लापरवाही और विभागीय निर्देशों की अवहेलना के मामलों में पहले भी कई बार विभागीय कार्रवाई की जा चुकी है तथा नियमानुसार दंडित किया जा चुका है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 30 जुलाई 2026 को उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही, मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पिथौरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विभागीय अनुशासन, सेवा आचरण और कानून-व्यवस्था के विपरीत किसी भी प्रकार का आचरण किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आमजन से अपील पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी भ्रामक, भड़काऊ अथवा अपुष्ट सूचना को बिना सत्यापन के साझा न करें और अफवाहों से बचते हुए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।


