पिथौरागढ़। ड्रग फ्री देवभूमि मिशन के तहत पिथौरागढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हड़खोला गांव समेत सतगढ़ क्षेत्र में अवैध रूप से उगाई गई भांग की खेती को नष्ट कर दिया। 3 सितंबर 2026 को चलाए गए इस संयुक्त अभियान में करीब 15 नाली भूमि में उगाई गई अवैध भांग की फसल को पुलिस टीमों ने नष्ट किया।

अभियान में थाना कनालीछीना, कोतवाली डीडीहाट पुलिस, एसओजी/एएनटीएफ, पुलिस लाइन तथा फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीमें शामिल रहीं। टीमों ने सतगढ़ और हड़खोला गांव के क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाकर अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती को चिन्हित किया और उसे नष्ट किया।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से नशे की खेती करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे की खेती, तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पिथौरागढ़ पुलिस ने आम लोगों से भी नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, अवैध भांग, चरस, स्मैक अथवा अन्य मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस का संदेश:

“नशे की खेती होगी तबाह, नशा मुक्त होगा हमारा जनपद।” _ वाणी न्यूज