पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे 'हर घर तिरंगा-2026' अभियान को व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभागों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों एवं संबंधित अधिकारियों से अभियान के अंतर्गत निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि 09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक संचालित होने वाले इस राष्ट्रीय अभियान के दौरान अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक घर, कार्यालय एवं प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराया जाए तथा अभियान के दौरान भारतीय ध्वज संहिता (Flag Code of India) का पूर्णतः पालन किया जाए।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत जनपद में तिरंगा रैली, तिरंगा साइकिल एवं बाइक रैली, देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिताएं तथा सार्वजनिक एवं शासकीय भवनों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और बाजारों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस अड्डों, अस्पतालों सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों, महिला समूहों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान का उद्देश्य केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान के तहत आयोजित सभी गतिविधियों का समुचित दस्तावेजीकरण करने तथा अधिकाधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों से समन्वित, प्रभावी एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।