पौड़ी गढ़वाल। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचकर सघन पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, हरित उत्तराखण्ड और प्रकृति संवर्धन का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के बाद 'श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय' का विस्तृत भ्रमण किया। उन्होंने परिसर में संरक्षित दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान गतिविधियों और हर्बल नवाचारों की जानकारी ली तथा ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण, संवर्धन और वैज्ञानिक अनुसंधान वर्तमान समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयास पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने के साथ-साथ औषधीय पौधों के विकास, आयुर्वेद आधारित शोध, हर्बल पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी प्रदान करेंगे।
मालाग्राम स्थित 'श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय' को देश का अपनी तरह का एक अनूठा हर्बल पार्क माना जाता है। यहां देश के विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों एवं औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा पद्धति और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के समन्वय का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर उभर रहा है।
कार्यक्रम में स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


