मुनस्यारी। धामी गांव के तोक भ्योला चैत्र पंचायत में आकाशीय बिजली गिरने से पशुपालक खड़क सिंह की करीब 25 से 30 बकरियों के प्रभावित होने की सूचना सामने आई है। अचानक हुई इस प्राकृतिक घटना से पशुपालक को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ब्लॉक प्रमुख मुनस्यारी डॉ. कविता जगत महर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता की और प्रभावित पशुपालक को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
ब्लॉक प्रमुख ने जिलाधिकारी से कहा कि आकाशीय बिजली की घटना के कारण पशुपालक को हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कराते हुए प्रभावित परिवार को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जाए।
वहीं, जिलाधिकारी ने मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि मौके पर तत्काल पशुपालन विभाग की टीम भेजी जाएगी। टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाएगा और आकलन के आधार पर अग्रिम आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्राकृतिक आपदा की इस घटना से पशुपालक परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से प्रभावित पशुपालक को जल्द से जल्द राहत और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
— कपिल भट्ट, वाणी न्यूज


