कनालीछीना (पिथौरागढ़)।

विकासखंड कनालीछीना की ग्रामसभा ड्योडा के तोक हीराखान गांव में जियो का 5G नेटवर्क टावर स्थापित होने के बाद अब क्षेत्र के ग्रामीणों को तेज और बेहतर मोबाइल इंटरनेट सेवा मिलने लगी है। लंबे समय से नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे स्थानीय लोगों के लिए यह एक बड़ी राहत मानी जा रही है।

5G सेवा शुरू होने से हीराखान सहित आसपास के गांवों में रहने वाले लोग अब हाई-स्पीड इंटरनेट का लाभ उठा सकेंगे। इससे ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल भुगतान, टेलीमेडिसिन, सरकारी ऑनलाइन सेवाओं, वीडियो कॉलिंग और व्यवसायिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। युवाओं और विद्यार्थियों को भी पढ़ाई तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बेहतर इंटरनेट सुविधा का लाभ मिलेगा।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पहले कमजोर नेटवर्क के कारण फोन कॉल और इंटरनेट चलाने में काफी दिक्कत होती थी। कई बार लोगों को नेटवर्क के लिए ऊंचे स्थानों तक जाना पड़ता था। अब 5G टावर लगने से संचार व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।

ग्रामीणों ने इस सुविधा के लिए संबंधित विभाग और कंपनी का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में क्षेत्र में डिजिटल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी तथा अन्य दूरस्थ गांवों तक भी ऐसी सुविधाएं पहुंचेंगी। : Kaman Singh