कुरुक्षेत्र। वेद प्रचार मंडल कुरुक्षेत्र के तत्वावधान में आर्य समाज कुरुक्षेत्र स्थित महर्षि दयानंद सेवा सदन में आयोजित साप्ताहिक यज्ञ एवं सत्संग कार्यक्रम वैदिक संदेशों से ओतप्रोत रहा। कार्यक्रम के दौरान वातावरण "वेद की ज्योति जलती रहे, आओ लौटें वेदों की ओर" जैसे वैदिक उद्घोषों से गुंजायमान हो उठा।
इस अवसर पर रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-5 कुरुक्षेत्र के पदाधिकारियों ने शिव मंदिर में वेद स्थापना का संकल्प लिया। एसोसिएशन के प्रधान सुनील दत्त शर्मा, उपप्रधान लेखदास लाठर, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र गर्ग, वरिष्ठ सदस्य समय सिंह, राणा जी तथा डॉ. सुभाष वर्मा ने वेद प्रचार मंडल के प्रधान मोहन लाल धर्माचार्य से चारों वेद प्राप्त किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहन लाल धर्माचार्य ने कहा कि वेद मानव सभ्यता का आदि ज्ञान है और यह संपूर्ण मानवता के लिए समान रूप से उपयोगी एवं कल्याणकारी मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि यदि विश्व शांति, समरसता और सार्वभौमिक कल्याण की दिशा में आगे बढ़ना चाहता है तो वैदिक विचारों का अनुसरण महत्वपूर्ण आधार बन सकता है।
इस अवसर पर आर्य समाज कुरुक्षेत्र की ओर से उपप्रधान चरणजीत लाल वधवा और कोषाध्यक्ष योगेश महाजन के संयोजन में रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को गायत्री अंगवस्त्र तथा वैदिक साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वेदप्रकाश धीमान, जे.एस. पाली, मनीष सिंधवानी, जगदीश आर्य, जयप्रकाश आर्य, रूप आर्य, जसबीर तंवर, पुष्पा दीवान, मधु देशवाल, बिंदू आर्या, ऋषिराम एडवोकेट, गुलशन आर्य, जितेंद्र गर्ग सहित अनेक श्रद्धालु एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ और समाज में वैदिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार के संकल्प के साथ हुआ।


