पिथौरागढ़। नगर निगम पिथौरागढ़ की ओर से शहर के पूर्वी सिनेमा लाइन वार्ड के अंतर्गत केएमओयू स्टेशन में हाईटेक शौचालय निर्माण कार्य को गति दी जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को नगर निगम की महापौर श्रीमती कल्पना देवलाल ने निगम अधिकारियों की मौजूदगी में प्रस्तावित हाईटेक शौचालय के स्लैब कास्टिंग कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर महापौर कल्पना देवलाल ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर में नागरिकों और यात्रियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। केएमओयू स्टेशन जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर आधुनिक एवं स्वच्छ हाईटेक शौचालय का निर्माण होने से स्थानीय नागरिकों के साथ ही यात्रियों और पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं, ताकि आम जनता को लंबे समय तक इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हाईटेक शौचालय का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने तथा निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान पार्षद नीरज जोशी, सहायक अभियंता उमेश अवस्थी, अभियंता नन्दा बल्लभ पाण्डेय, मेयर नागी, रवि लूणी, कनिष्ठ अभियंता आदर्श दीपक सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

वाणी न्यूज