थल। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना खेल महाकुंभ 2026 का शुभारंभ बुधवार को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज थल में उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। एनपीआरसी अठखेत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में खेल के प्रति खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य कमल कन्याल एवं विशिष्ट अतिथि ऋतुराज ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष हर्ष चन्द तथा एनपीआरसी समन्वयक पूनम बसेड़ा भी मौजूद रहे। अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य एवं प्रतियोगिता संयोजक आशुतोष मिश्रा तथा सहसंयोजक पंकज रावत ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। मंच संचालन डीके भट्ट ने किया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित 60 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में लटिका चन्द ने प्रथम, क्रिया ने द्वितीय तथा हिमानी बसेड़ा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग की 60 मीटर दौड़ में जतिन पाठक प्रथम, गोपेश कोश्यारी द्वितीय और रितेश चन्द तृतीय स्थान पर रहे।
खेल महाकुंभ के आयोजन को सफल बनाने में बंशीधर जोशी, अनीता जोशी, गौरव पंत, भरत सिंह कालाकोटी, कुँवर सिंह, सीमा देवी, जीवनलाल, चन्द्रमोहन सहित अन्य अध्यापकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के दौरान मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। खेल महाकुंभ के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा को सामने लाने के साथ ही आगे बढ़ने का अवसर मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: अनिल कार्की, थल


