डीडीहाट। जंतर-मंतर में आंदोलनकारियों के साथ हुई कथित हिंसा के विरोध में सोमवार को डीडीहाट कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम देउपा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष कविंद्र साही ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे लोगों पर बल प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलनकारियों के साथ हुई घटना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम देउपा ने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई और आंदोलनकारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो कांग्रेस भविष्य में अपने आंदोलन को और व्यापक और तेज करेगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से घटना की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने की मांग की।

प्रदर्शन में ललित भंडारी, सिमरन धपवाल, सुजाता देवी, गिरधर बोरा, कविंद्र साही, टिकेंद्र भंडारी, शिवांग, विक्रम देउपा, शेर सिंह चुफाल सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

REPORT : HARSHIT MEHRA: DIDHAT