डीडीहाट। डीडीहाट बाजार से आदिचौरा और आसपास के गांवों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण डीडीहाट–आदिचौरा सड़क इन दिनों बदहाली का सामना कर रही है। सड़क की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस मार्ग से गुजरना वाहन चालकों और ग्रामीणों के लिए कितना मुश्किल हो गया है।

कहीं सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर और गिट्टी बिखरी है तो कहीं गहरे गड्ढों में बारिश का पानी जमा है। कई स्थानों पर सड़क की सतह पूरी तरह उखड़ी हुई नजर आती है। ऐसे में वाहन चालकों को बेहद सावधानी से आवाजाही करनी पड़ रही है।

कुनिया ग्राम निवासी भूपेंद्र चौहान ने सड़क की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि लंबे समय से सड़क खराब है और इसका सीधा असर ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। बाजार, रोजगार, स्कूल और अन्य जरूरी कामों के लिए इसी मार्ग का इस्तेमाल करने वाले लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली सिर्फ आवागमन की समस्या नहीं है, बल्कि खराब सड़क के कारण वाहनों को नुकसान, समय की बर्बादी और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और ज्यादा खराब होने की आशंका रहती है।

आखिर कब सुधरेगी सड़क?

डीडीहाट–आदिचौरा मार्ग से बड़ी संख्या में ग्रामीण जुड़े हुए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के बावजूद इसकी स्थायी मरम्मत क्यों नहीं हो पा रही है?

ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित विभाग सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर गड्ढों और उखड़े हिस्सों की मरम्मत के साथ सड़क की गुणवत्ता पर भी ध्यान दे, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।

अब सवाल सरकार और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों से है—आखिर डीडीहाट की इस महत्वपूर्ण सड़क की बदहाली कब दूर होगी और ग्रामीणों को कब मिलेगी बेहतर सड़क सुविधा ? _ भूपेंद्र चौहान डीडीहाट