डीडीहाट (पिथौरागढ़)। सीमांत क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डीडीहाट में 10 से 12 जुलाई 2026 तक तीन दिवसीय वृहद विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पिथौरागढ़ के निर्देशन में किया जाएगा।
तीन दिनों तक चलने वाले इस विशेष शिविर में विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराएंगे। शिविर में स्त्री रोग, बाल रोग, हड्डी रोग, नेत्र, दंत, ईएनटी और सामान्य चिकित्सा सहित कई विशेषज्ञ सेवाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 12 जुलाई (रविवार) को शिविर में अल्ट्रासाउंड जांच की विशेष सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा पात्र लोगों के दिव्यांग प्रमाण पत्र भी बनाए जाएंगे, जिससे क्षेत्रवासियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
इस स्वास्थ्य शिविर में जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ और सीएचसी डीडीहाट के अनुभवी चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लें।
यह शिविर विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए राहत लेकर आया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध नहीं हो पाती हैं।
रिपोर्ट हर्षित मेहरा :डीडीहाट


