डीडीहाट। जेएमएस कबड्डी क्लब डीडीहाट के तत्वावधान में आयोजित एकदिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। प्रतियोगिता में डीडीहाट, बेरीनाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जनपदों की कुल 10 टीमों ने प्रतिभाग करते हुए शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में भव्या-11 बागेश्वर, जेएमएस कबड्डी क्लब डीडीहाट, जीआईसी डीडीहाट, बागेश्वर एकादश तथा गोलू चौहान द्वारा प्रायोजित दुबई डेंजर्स सहित कई टीमों ने हिस्सा लिया। पूरे दिन चले रोमांचक मुकाबलों के बाद फाइनल मैच जेएमएस कबड्डी क्लब डीडीहाट और दुबई डेंजर्स के बीच खेला गया।

खिताबी मुकाबले में जेएमएस कबड्डी क्लब डीडीहाट ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दुबई डेंजर्स को 32–26 अंकों से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार रेड और मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों में पूरे समय रोमांच बना रहा।

प्रतियोगिता का सफल संचालन जेएमएस कबड्डी क्लब डीडीहाट के प्रबंधक एवं कोच चैम बोरा तथा उनकी टीम के निर्देशन में किया गया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया, वहीं बड़ी संख्या में मौजूद खेल प्रेमियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

डीडीहाट नगरवासियों ने जेएमएस कबड्डी क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि निजी संसाधनों से इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने तथा स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। लोगों ने आयोजन समिति को सफल प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

रिपोर्ट : हर्षित मेहरा, डीडीहाट