डीडीहाट। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आगाज यूथ क्लब, डीडीहाट की ओर से क्षेत्र में पहली बार ओपन माइक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने के लिए खुला मंच उपलब्ध कराना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में युवाओं ने नशे के दुष्प्रभाव पर आधारित नाटक, कविता, स्टोरीटेलिंग, स्टैंडअप कॉमेडी और स्वरचित रैप सॉन्ग सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया और कई प्रस्तुतियों पर जोरदार तालियों से युवाओं का उत्साहवर्धन किया गया।

खास बात यह रही कि महज कुछ दिनों की तैयारियों में युवाओं ने मिलकर इस आयोजन को आकार दिया। कार्यक्रम ने डीडीहाट में युवाओं के लिए रचनात्मकता, अभिव्यक्ति और संवाद का एक नया मंच तैयार किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संतोष मेहता, धीरज खड़ायत, प्रियंका, पूजा, ज्योति, प्रेरणा, सूरज, नवल, महेंद्र, अमेंद्र, योगेंद्र और हर्षित की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजक टीम ने सभी प्रतिभागियों, दर्शकों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। ललित भंडारी, प्रकाश बोरा और कविंद्र बिष्ट के विशेष सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया गया।

आगाज यूथ क्लब के सदस्यों ने कहा कि युवाओं को अपनी बात रखने, प्रतिभा दिखाने और सामाजिक मुद्दों पर रचनात्मक संवाद करने के अवसर मिलना जरूरी है। इसी सोच के साथ ओपन माइक की शुरुआत की गई है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित यह पहला ओपन माइक कार्यक्रम डीडीहाट के युवा प्रतिभाओं के लिए एक नए रचनात्मक सफर की शुरुआत बनकर सामने आया। इस पहल ने संदेश दिया कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देकर समाज में सार्थक बदलाव की नींव रखी जा सकती है।

रिपोर्ट: हर्षित मेहरा, डीडीहाट