डीडीहाट। अभिलाषा समिति, पिथौरागढ़ की ओर से डीडीहाट में स्वर्गीय तारा दत्त गुरुरानी स्मृति चित्रकला प्रतियोगिता तथा स्वर्गीय भाऊसाहेब भिडे स्मृति भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्र निर्माण तथा नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

कार्यक्रम में स्व. तारा दत्त गुरुरानी को एक ऐसे शिक्षाविद् के रूप में याद किया गया जिन्होंने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम माना। उन्होंने अपने जीवनभर विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिकता, मानवीय संवेदनाओं, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे जीवन मूल्यों के विकास को प्राथमिकता दी। वक्ताओं ने कहा कि उनका मानना था कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा उत्तीर्ण करना नहीं, बल्कि चरित्रवान, संस्कारित और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है। डीडीहाट क्षेत्र में शिक्षा के विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण के निर्माण में उनका योगदान सदैव प्रेरणास्पद रहेगा।

इस अवसर पर स्व. भाऊसाहेब भिडे के सामाजिक योगदान को भी याद किया गया। उन्होंने गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों, विशेषकर बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने, स्वच्छता, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणा बने हुए हैं।

प्रतियोगिता में डीडीहाट विकासखंड के सात विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने ग्रामीण जीवन, सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर आधारित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन निर्णायक मंडल की सदस्य श्रीमती जमुना मेहता (सहायक अध्यापिका, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, डीडीहाट), श्री महेंद्र सिंह रावत (सहायक अध्यापक, विवेकानंद विद्यालय) तथा श्रीमती मीना पठानिया (सहायक अध्यापिका, विद्यासागर पब्लिक स्कूल) ने निष्पक्ष एवं गरिमापूर्ण ढंग से किया।

प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को स्व. तारा दत्त गुरुरानी की धर्मपत्नी एवं सामाजिक चिंतक श्रीमती लीलावती गुरुरानी ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में उनके सुपुत्र एवं पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षारोपण अभियान से जुड़े श्री दिनेश गुरुरानी भी उपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथि के रूप में सरहद लाइव न्यूज़ चैनल के ब्यूरो चीफ श्री विप्लव भट्ट तथा युवा सामाजिक कार्यकर्ता श्री मोहित बिष्ट ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में अभिलाषा एकेडमी के प्रबंधक श्री चंचल सिंह तथा प्रधानाचार्या डॉ. अनीता जोशी का विशेष सहयोग रहा।

आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन केवल प्रतियोगिताएं नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में रचनात्मक सोच, सामाजिक संवेदनशीलता, नेतृत्व क्षमता, पर्यावरण चेतना और राष्ट्रप्रेम विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यक्रम के अंत में अभिलाषा समिति, पिथौरागढ़ ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों, अभिभावकों, प्रतिभागी छात्र-छात्राओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए स्व. तारा दत्त गुरुरानी और स्व. भाऊसाहेब भिडे के शिक्षा एवं समाज सेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।