मुवानी। रामगंगा घाटी की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन तीसरे दिन मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। रामगंगा घाटी विकास संघर्ष समिति के बैनर तले मुवानी में चल रहे आमरण अनशन के दौरान क्षेत्रीय विधायक बिशन सिंह चुफाल, सीएमओ जीवन चुफाल, उपजिलाधिकारी डीडीहाट खुशबू पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी अनशन स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की।

करीब एक घंटे चली वार्ता के दौरान आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की ओर से दूरभाष पर आश्वासन मिलने के बाद ही आमरण अनशन समाप्त किया जाएगा। इसके बाद करीब दो घंटे तक इंतजार किया गया। विधायक बिशन सिंह चुफाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर वार्ता की। मुख्यमंत्री ने मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

विधायक के साथ हुई वार्ता में आंदोलनकारियों ने दो प्रमुख मांगों पर सहमति जताई। इनमें अति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण तथा डिग्री कॉलेज में नए विषयों की स्वीकृति की मांग शामिल रही। वहीं अन्य मांगों पर भी संबंधित स्तर पर कार्रवाई में तेजी लाने का आश्वासन दिया गया।

इसके बाद विधायक बिशन सिंह चुफाल ने आमरण अनशन पर बैठे रामगंगा घाटी विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष कमल दीप सिंह को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। अनशन समाप्त करने से पूर्व कमल दीप सिंह ने आंदोलन में सहयोग देने वाले क्षेत्रवासियों, व्यापारियों और अन्य लोगों का आभार जताया। बताया गया कि तीन दिनों के आमरण अनशन के दौरान उनके वजन में करीब चार किलोग्राम की कमी आई।

15 सूत्रीय मांगों को लेकर सड़कों पर उतरी थी जनता इससे पहले रामगंगा घाटी की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर क्षेत्र की जनता ने मुवानी में जोरदार प्रदर्शन किया था। बड़ी संख्या में ग्रामीण बोरायजर से चौसाली बाजार तक जुलूस निकालकर बाजार पहुंचे थे। आंदोलन के समर्थन में व्यापारियों ने भी दोपहर तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखे थे।

रामगंगा घाटी विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष कमल दीप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। आंदोलनकारियों ने सरकार को चेतावनी दी थी कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर क्रमिक अनशन को आमरण अनशन में बदला जाएगा। इसके बाद तीन दिवसीय क्रमिक अनशन आमरण अनशन में तब्दील हो गया था।

अनशन समाप्त होने के दौरान राम सिंह राठौर, शोभन कार्की, मेहर सिंह कठायत, त्रिलोक सिंह बोरा, उत्तम डोबाल, विक्रम कठायत, कैप्टन श्याम सिंह कार्की, व्यापार संघ अध्यक्ष सुमित पाल, मन्नू भंडारी, पीयूष बोरा, संजय भट्ट, राहुल सोनार, मनोज सिंह भंडारी, सूरज गोरखा, जितेश खनका, अशोक कुमार, प्रेम सिंह, भूपाल ऐरी, हरीश बिष्ट हेरी, योगेश कुमार, अजय कोटियाल, निलेश कुमार, दिवाकर सोनार, राजेंद्र प्रसाद, बिशन सिंह भंडारी, पप्पू मारकून, हर्षित खोलिया, त्रिलोक भंडारी, दीवान भंडारी, संजय पंत, राकेश गोरखा, सैम बोरा, राजू खोलिया, रमेश बम, जीवन बोरा, दीपक कार्की, कुंदन बोरा, नवल वर्मा, पप्पू पुजारा, गोकुल प्रसाद, डब्बू चंद, बबलू कार्की, भावना बिष्ट, शांति देवी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। _ अनिल कार्की थल