थल (पिथौरागढ़)। थल थाने में नव नियुक्त थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद थाना स्टाफ, पुलिस कर्मियों एवं ग्राम प्रहरियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ने ग्राम प्रहरियों से कहा कि गांवों में होने वाली किसी भी अप्रिय घटना, संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल थाने तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकताओं में क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करना, नशा मुक्ति अभियान को गति देना तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष ने पुलिस कर्मियों से आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने और शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में एडिशनल एसआई भुवन पांडे, एडिशनल एसआई संतोष प्रसाद रोडियाल, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, संजय चौहान सहित थाना स्टाफ के अन्य पुलिसकर्मी एवं ग्राम प्रहरी उपस्थित रहे।

REPORT : ANIL KARKI : THAL