पिथौरागढ़। धनलेख मंदिर में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आज ग्रामीणों की सतर्कता के चलते मंदिर से चोरी किए गए तांबे के कलश और अन्य सामान बरामद कर लिए गए। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम राजेंद्र सिंह कन्याल बताया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, सुनाकोट निवासी महेंद्र के पालतू कुत्ते ने अचानक लगातार भौंकना शुरू कर दिया। आमतौर पर दिन में शांत रहने वाला कुत्ता आज लगातार भौंक रहा था, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ। ग्रामीणों ने संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली तो उसके थैले से धनलेख मंदिर के तांबे के कलश सहित अन्य तांबे के बर्तन बरामद होने की बात सामने आई।
ग्रामीणों के अनुसार, संदिग्ध के पास से नकदी और कुछ सिक्के भी मिले हैं। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उक्त व्यक्ति को अपने साथ ले गई। बरामद सामान को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि “छुरमल देवता की कृपा से ही चोर पकड़ा गया।” ग्रामीणों ने मंदिर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही चोरी की घटना और बरामद सामान के संबंध में आधिकारिक रूप से स्थिति स्पष्ट हो सकेगी ।


