पिथौरागढ़। जनपद में बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सोमवार को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) तथा कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC), चाइल्ड हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर के साथ मिलकर नैनीसैनी ग्राम में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान कोतवाली पिथौरागढ़ से उपनिरीक्षक ललित डंगवाल तथा AHTU से अपर उपनिरीक्षक प्रेम बल्लभ छिम्वाल, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल रणवीर सिंह ने ग्राम प्रधान श्रीमती मीना देवी, पंचायत सचिव विनीता तगाड़ी एवं ग्रामीणों के साथ संवाद कर बच्चों की सुरक्षा, बाल श्रम, मानव तस्करी, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति, बाल अधिकारों और साइबर अपराध से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस टीम ने अभिभावकों से बच्चों को अकेला न छोड़ने, उन्हें गुड टच और बैड टच की जानकारी देने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ जाने से रोकने की अपील की। साथ ही बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, बाल शोषण अथवा मानव तस्करी से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है और इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
स्रोत: पिथौरागढ़ पुलिस मीडिया सेल / कोतवाली पिथौरागढ़।


