नई दिल्ली/PIB। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे देशव्यापी जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। नई दिल्ली के पूसा परिसर में आयोजित "पर्यावरण संरक्षण संकल्प कार्यक्रम एवं वृक्ष मित्र संवाद" में उन्होंने देशभर के लगभग 17 हजार वृक्ष मित्रों को संबोधित करते हुए प्रत्येक नागरिक से वर्ष में कम से कम एक पेड़ लगाने और पाँच नए लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लेने की अपील की।

श्री चौहान ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ता प्रदूषण, जल संकट और घटती जैव विविधता मानव अस्तित्व के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे समय में पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

उन्होंने "वृक्ष मित्र परिवार" नाम से राष्ट्रीय स्तर पर एक संगठित नेटवर्क बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि इसकी इकाइयाँ राष्ट्रीय, राज्य, जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर तक गठित की जाएंगी। साथ ही पंचायतों और शहरी निकायों में वृक्षारोपण के लिए स्थायी स्थल चिन्हित किए जाएंगे, जहाँ पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित होगी।

केंद्रीय मंत्री ने लोगों से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, बच्चों के जन्म, पुण्यतिथि तथा अन्य शुभ अवसरों को "वृक्ष पर्व" के रूप में मनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि आगामी 12 अगस्त को हरियाली अमावस्या के अवसर पर देशव्यापी वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सभी वृक्ष मित्र सक्रिय भागीदारी करेंगे।

श्री चौहान ने पर्यावरण संरक्षण को कृषि और किसानों के भविष्य से जोड़ते हुए जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता, संतुलित संसाधन उपयोग तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर बल दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "मिशन लाइफ (Lifestyle for Environment)" का उल्लेख करते हुए ऊर्जा बचत, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त जीवन और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में पद्म भूषण पर्यावरणविद् अनिल जोशी ने "एक पेड़ लगाने के साथ उसे पालने" की संस्कृति विकसित करने पर जोर दिया, जबकि प्रख्यात चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. अनूप हजेला ने ऊर्जा संरक्षण, जल पुनर्चक्रण, प्लास्टिक के कम उपयोग तथा "एक पेड़ लगाओ, एक पेड़ पालो" अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट, पर्यावरण विशेषज्ञों तथा देशभर से जुड़े हजारों वृक्ष मित्रों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और सतत विकास के लिए सामूहिक संकल्प लिया।