थल। बीरेंद्र सिंह जंगपांगी मिनी खेल मैदान में व्यापार मंडल के तत्वावधान में आयोजित चैंपियन फुटबॉल टूर्नामेंट के लीग चरण के मुकाबले लगातार रोमांचक होते जा रहे हैं। शनिवार को खेले गए मुकाबले में डीके पिथौरागढ़ बॉयज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीडीहाट बॉयज को 3-1 के गोल अंतर से हराकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया।

मुकाबले की शुरुआत से ही पिथौरागढ़ बॉयज ने आक्रामक खेल दिखाया और मध्यांतर तक टीम 1-0 की बढ़त बनाए रखने में सफल रही। दूसरे हाफ में भी पिथौरागढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।

पिथौरागढ़ बॉयज की ओर से फॉरवर्ड खिलाड़ी कार्तिक ने शानदार खेल दिखाते हुए दो गोल दागे, जबकि धर्मेंद्र ने एक गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। वहीं डीडीहाट बॉयज की ओर से निक्की ने एकमात्र गोल किया।

मुकाबले के विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ भाजपा नेता मनोहर सत्याल तथा पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष गोविंद भट्ट शामिल रहे। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और औपचारिक रूप से मैच का शुभारंभ कराया।

मैच का संचालन रेफरी संतोष नित्वाल ने किया, जबकि सुमित गिरी और सुमित कुमार ने लाइनमैन की जिम्मेदारी निभाई। प्रतियोगिता का रोमांच देखने के लिए दर्शक दीर्घा में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का लगातार उत्साह बढ़ाया।

रिपोर्ट: अनिल कार्की, थल