थल/पिथौरागढ़। पुंगराऊं घाटी क्षेत्र की तीन प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पूर्व प्रदेश मंत्री अनुसूचित मोर्चा के दिनेश आर्या और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र सिंह रौतेला ने मंगलवार को जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाईं से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र की तीन सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
ज्ञापन में विकासखंड बेड़ीनाग के दूरस्थ गांव बल्याऊं को सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी बल्याऊं गांव सड़क सुविधा से वंचित है। सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने गांव को शीघ्र सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग की।
दूसरी मांग के तहत हलियाडोब-दशौली-ओखरानी-ऊणी-सिरतोली-नाचनी मोटर मार्ग को लोनिवि बेड़ीनाग से पीएमजीएसवाई विभाग को हस्तांतरित करने की मांग की गई। प्रतिनिधियों का कहना है कि सड़क के बेहतर निर्माण और रखरखाव के लिए इसका उचित विभाग को हस्तांतरण जरूरी है।
तीसरी मांग राजकीय इंटर कॉलेज कार्कीनगर में इंटरमीडिएट स्तर पर गणित विषय और विज्ञान वर्ग की नई कक्षाओं का सृजन करने को लेकर है। क्षेत्रीय छात्रों को स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक विकल्प उपलब्ध कराने के लिए इन विषयों की कक्षाएं शुरू किए जाने की आवश्यकता बताई गई।
प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से तीनों मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान होने से पुंगराऊं घाटी के ग्रामीणों और विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। _ अनिल कार्की थल


