मुनस्यारी। पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोहर टोलिया ने पर्यटन नगरी मुनस्यारी की स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए नगर पंचायत और प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान रखने वाले मुनस्यारी की छवि तभी बेहतर बनेगी, जब नगर की सफाई व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाएं भी उसी स्तर की हों।

मनोहर टोलिया ने बताया कि नगर पंचायत के समीप बने सार्वजनिक शौचालय में लंबे समय से गंदगी का अंबार लगा रहता है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ यहां आने वाले पर्यटकों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि पर्यटन स्थल पर ऐसी स्थिति मुनस्यारी की छवि को प्रभावित करती है और बाहर से आने वाले पर्यटकों के बीच गलत संदेश जाता है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने जिले के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को भी पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पत्र में नगर क्षेत्र की स्वच्छता, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, पेयजल, सड़क, नालियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का अनुरोध किया गया है।

टोलिया ने कहा कि मुनस्यारी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल में नगर के भीतर स्वच्छ वातावरण, सुव्यवस्थित यातायात, साफ-सुथरे सार्वजनिक स्थल और बेहतर नागरिक सुविधाएं विकसित करना समय की आवश्यकता है। यदि पर्यटकों को अच्छी व्यवस्थाएं मिलेंगी तो क्षेत्र की पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों की आजीविका पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

उन्होंने नगर पंचायत से वार्डों में नियमित सफाई अभियान चलाने, सार्वजनिक स्थलों की निगरानी बढ़ाने तथा पर्यटन सीजन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की अपील की। साथ ही कहा कि मुनस्यारी को ऐसा स्वच्छ और व्यवस्थित पर्यटन नगर बनाया जाए, जिससे यहां आने वाले हर पर्यटक के मन में क्षेत्र की सकारात्मक छवि बने।