पिथौरागढ़ जनपद में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली बेरीनाग पुलिस ने अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे एक पिकअप वाहन को सीज कर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, अपर उपनिरीक्षक नितिन रौतेला द्वारा नियमित चेकिंग अभियान के दौरान एक पिकअप वाहन को रोका गया। जांच में वाहन चालक सचिन मेहरा, निवासी ग्राम चौकोड़ी, थाना कोतवाली बेरीनाग, वाहन में अवैध रूप से रेत का परिवहन करता पाया गया।
पूछताछ के दौरान चालक खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध अनुमति पत्र या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही वाहन के जरूरी अभिलेख भी उपलब्ध नहीं थे।
इसके बाद पुलिस ने संबंधित पिकअप वाहन को खनन अधिनियम तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज करते हुए चालक के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और बिना अनुमति खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


