पिथौरागढ़। मानसून के दौरान लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने आदि कैलाश यात्रा को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मानसून के दौरान आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर कई संवेदनशील स्थान ऐसे हैं, जहां भारी वर्षा के कारण भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा अचानक मौसम बदलने से यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। मौसम विभाग की चेतावनी और क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों का आकलन करने के बाद यात्रा पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध आदि कैलाश, जिसे छोटा कैलाश के नाम से भी जाना जाता है, हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। हालांकि, मानसून के दौरान यह पूरा मार्ग अत्यंत दुर्गम और जोखिमपूर्ण हो जाता है। पिछले वर्षों में भी भारी बारिश और भूस्खलन के कारण यात्रियों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है।
जिला प्रशासन ने बताया कि यात्रा पर लगाई गई रोक केवल मानसून अवधि के लिए है। मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद यात्रा को पुनः शुरू किया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम अनुकूल होने तक यात्रा की योजना स्थगित रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन के अनुसार सितंबर और अक्टूबर के दौरान मौसम अनुकूल होने पर यात्रा दोबारा शुरू किए जाने की संभावना है।


