पिथौरागढ़, 7 अगस्त। राजकीय इंटर कॉलेज बास्ते में शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पिथौरागढ़ के तत्वावधान में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती मंजू देवी, मा. जिला जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न विधिक सेवाओं एवं उनके अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी।
अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सड़क दुर्घटना के दौरान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घायलों को शीघ्र अस्पताल या प्राथमिक उपचार केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले व्यक्ति को सरकार द्वारा ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि तथा पुलिस प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया जाता है। हालांकि उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी पुरस्कार या धनराशि के लालच में नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी के भाव से लोगों की सहायता करनी चाहिए।
शिविर के दौरान श्रीमती मंजू देवी ने विभिन्न विधिक विषयों पर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनसे प्रश्न भी पूछे। संतोषजनक उत्तर देने वाले दिव्यांश कोठारी, रेनू नेगी, दीपांशु और रजनी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जिला जज ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ मिलकर विद्यालय परिसर में आम के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य किशोर चंद्र पन्त ने दूरस्थ क्षेत्र में पहुंचकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने एवं अपना बहुमूल्य समय देने के लिए मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में दीपा देऊपा, गीता टम्टा, गीता मलिक, मनोज कुमार नेगी, गिरजा शंकर पंत सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मोहन चंद्र जोशी (प्रवक्ता) ने किया।
— VANI NEWS


