पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में विधायक मयुख महर के स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर किए गए धरना-प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके आंदोलन को जनहित नहीं बल्कि राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित बताया।
प्रदर्शन के दौरान दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी ने विधायक मायुख महार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार जिन विकास योजनाओं को पहले ही स्वीकृति दे चुकी है, उन्हीं का श्रेय लेने के लिए विधायक बार-बार धरना-प्रदर्शन का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के बीच भ्रम फैलाने के उद्देश्य से इस तरह के आंदोलन किए जा रहे हैं।
गणेश भंडारी ने विधायक से सवाल करते हुए कहा कि वे सार्वजनिक रूप से बताएं कि पिथौरागढ़ के विकास के लिए उन्होंने अब तक राज्य सरकार के समक्ष कितने प्रस्ताव रखे हैं और किन योजनाओं की स्वीकृति के लिए प्रभावी पैरवी की है। उनका कहना था कि केवल धरना-प्रदर्शन और बयानबाजी से विकास नहीं होता, बल्कि ठोस प्रयासों और समन्वय से विकास कार्य आगे बढ़ते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पिथौरागढ़ के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और विभिन्न विकास योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। ऐसे में सरकार के कार्यों का श्रेय लेने की राजनीति उचित नहीं है।
दर्जा राज्य मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता को गुमराह करने वाली राजनीति को सफल नहीं होने देगी और विकास के मुद्दे पर तथ्यों के साथ जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनता को भ्रमित करने के लिए किए जा रहे इस प्रकार के राजनीतिक प्रदर्शन का भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी । vaninews


