पिथौरागढ़। थल क्षेत्र में जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद किया है।

मामला 25 अगस्त का है। ग्राम कुसैल निवासी बालम सिंह पर गांव के ही बलवन्त सिंह ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से सिर पर हमला कर दिया था। हमले से बचने के दौरान बालम सिंह के हाथ में भी चोट आई थी।

घटना के बाद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था। पीड़ित की तहरीर पर 19 सितंबर को थाना थल में धारा 109/351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को उसके हल्द्वानी में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर उसके घर में छिपाकर रखा गया ‘बढ़ियाठ’ धारदार हथियार भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।