नाचनी (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी तहसील क्षेत्र में हरड़िया नाले के पास पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर रामगंगा नदी में गिर गया, जिससे नदी पर एक प्राकृतिक डैम बन गया है। लगातार मलबा गिरने के कारण सोमवार को यह डैम पूरी तरह बंद हो गया, जिससे नदी का पानी तेजी से जमा होने लगा है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को पानी की निकासी के लिए मौके पर पोकलैंड मशीन लगाकर रास्ता बनाने का प्रयास किया गया था, लेकिन यह सफल नहीं हो सका। सोमवार को मलबा और बढ़ने से नदी का प्रवाह पूरी तरह रुक गया।

स्थिति को देखते हुए नाचनी में रामगंगा नदी के किनारे बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो जलभराव बढ़ने या प्राकृतिक डैम के अचानक टूटने की स्थिति में बांसगांव, चीपा, भैंसकोट तथा नाचनी सहित आसपास के कई गांव गंभीर खतरे की चपेट में आ सकते हैं।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ तथा भू-वैज्ञानिकों की टीम को तत्काल मौके पर भेजकर स्थिति का आकलन करने और सुरक्षित तरीके से पानी की निकासी सुनिश्चित करने की मांग की है। क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।

नोट: यह समाचार स्थानीय स्तर पर प्राप्त प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है।