पिथौरागढ़। पुलिस परिवार की महिलाओं द्वारा हरियाली तीज महोत्सव बड़े हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद की मेयर श्रीमती कल्पना देवलाल रहीं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया।

महोत्सव के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, आकर्षक रैंप वॉक और नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पुलिस परिवार की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पारंपरिक वेशभूषा और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

तीज क्वीन प्रतियोगिता में श्रीमती मन्जू ने प्रथम स्थान प्राप्त कर तीज क्वीन का खिताब अपने नाम किया। श्रीमती ज्योति द्वितीय और श्रीमती रजनी तृतीय स्थान पर रहीं।

वहीं रैंप वॉक प्रतियोगिता में श्रीमती ज्योति ने प्रथम स्थान हासिल किया। श्रीमती ऊषा देव ने द्वितीय तथा श्रीमती दीप्ती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक पर्व की गरिमा को बनाए रखते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महोत्सव ने आपसी सौहार्द, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया।

वाणी न्यूज