डीडीहाट, 4 अगस्त।

ग्राम पंचायत हाट थर्प द्वारा मंगलवार को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम, 2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत "क्यों न QR Code स्कैन करें" पहल के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन से जुड़े नियमों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।

अभियान के दौरान ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत सदस्यों ने घर-घर जाकर तथा सार्वजनिक स्थलों पर पम्पलेट वितरित किए। साथ ही प्रत्येक ग्रामीण के मोबाइल में QR Code स्कैन कराकर उन्हें SWM नियम, 2026 की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई, ताकि स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े दिशा-निर्देश उनके मोबाइल पर हमेशा उपलब्ध रहें और आवश्यकता पड़ने पर वे आसानी से उनका उपयोग कर सकें।

इस अवसर पर ग्रामीणों को गीले, सूखे, सैनिटरी एवं घरेलू खतरनाक कचरे के पृथक्करण, चार रंगों के कूड़ेदानों के सही उपयोग, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने, एकल-उपयोग प्लास्टिक से बचने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।

जनजागरूकता अभियान में ग्राम प्रधान मनोज भंडारी, उपप्रधान देवराज सिंह, सभी वार्ड सदस्यों एवं अन्य जागरूक ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता की। सभी ने ग्रामीणों से कचरे का पृथक्करण कर निर्धारित कूड़ेदानों का उपयोग करने, QR Code स्कैन कर नियमों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने तथा स्वच्छ, सुंदर और कूड़ा-मुक्त ग्राम के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

ग्राम पंचायत हाट थर्प ने सभी ग्रामवासियों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा "4 कूड़ेदान – 1 समाधान" की अवधारणा को अपनाकर स्वच्छ, स्वस्थ एवं कूड़ा-मुक्त ग्राम के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।

रिपोर्ट: हर्षित मेहरा, डीडीहाट