थल/पिथौरागढ़।
थल क्षेत्र से पिछले 11 वर्षों से लगातार तीर्थ यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष 18 सदस्यीय श्रद्धालुओं का दल 12 दिनों की कठिन धार्मिक यात्रा पूरी कर देर रात सकुशल थल लौट आया। श्रद्धालुओं ने महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग (उज्जैन), अमरनाथ धाम और माता वैष्णो देवी धाम के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
देर रात थल पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने तीनों पवित्र धामों के जयकारों के साथ "हर-हर महादेव" और बालेश्वर महादेव के जयघोष लगाए। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं ने बालेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया और अपने-अपने घरों को प्रस्थान किया।
यात्रा दल के सदस्यों ने बताया कि 12 दिनों की इस कठिन यात्रा के दौरान उन्होंने विपरीत परिस्थितियों और लंबी दूरी के बावजूद पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ दर्शन किए। उन्होंने यात्रा के सफल एवं सकुशल संपन्न होने पर भगवान का आभार व्यक्त किया।
18 सदस्यीय तीर्थ यात्रा दल में दलनायक दीपक भैसोड़ा, गुड्डू पाठक, गंगा सिंह मेहता, हेमा देवी, महिमन महरा, भूपाल मेहता, सरोज मेहता, गिरजा शंकर जोशी, आनंद सामंत, संतोष पटवा, जूना अखाड़ा के सोमवार गिरी महाराज, अमन मेहता, गोपी नेगी, प्रकाश जोशी, बालम सिंह सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे।
श्रद्धालुओं की सकुशल वापसी पर क्षेत्रवासियों और परिजनों ने उनका स्वागत करते हुए यात्रा की सफलता पर खुशी व्यक्त की। पिछले 11 वर्षों से थल क्षेत्र से लगातार आयोजित हो रही यह तीर्थ यात्रा क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा को निरंतर आगे बढ़ा रही है।
रिपोर्ट: अनीक कार्की, थल


