पिथौरागढ़। इंटर कॉलेज सातशिलिंग के विशाल खेल मैदान में आयोजित वर्ष 2026-27 की 24वीं जनपदीय विद्यालयी अंडर-14 एवं अंडर-17 बालक वॉलीबॉल प्रतियोगिता का दूसरे दिन भव्य एवं उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से पहुंची विद्यालयी टीमों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री जितेन्द्र प्रसाद एवं पिथौरागढ़ नगर निगम की महापौर श्रीमती कल्पना देवलाल रहीं। इस अवसर पर थानाध्यक्ष जाजरदेवल श्री प्रकाश पाण्डेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती दीपिका कुणाल, जिला महामंत्री श्री राकेश देवलाल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, खेल शिक्षक, निर्णायक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में अंडर-14 बालक वर्ग में विण और बेरीनाग के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें बेरीनाग ब्लॉक की टीम विजेता रही। वहीं अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल में मुनाकोट और कनालीछीना की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें मुनाकोट ब्लॉक ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।

पूरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। अंडर-14 वर्ग में शुभम पाण्डेय तथा अंडर-17 वर्ग में जनक चंद को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार से नवाजा गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को आकर्षक ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक श्री बसंत पुनेठा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक श्री हिमांशु नौगाई, खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री विक्रम सिंह पाल, जिला खेल समन्वयक श्री विक्रम टियारी, ब्लॉक खेल समन्वयक मुनाकोट श्री अर्जुन कुमार सहित अन्य अतिथियों ने आयोजन की सफलता के लिए आयोजन समिति को बधाई दी।

आयोजन की संयोजक एवं इंटर कॉलेज सातशिलिंग की प्रधानाचार्या श्रीमती आशा बोहरा ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, खेल शिक्षकों, प्रतिभागी खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता का कुशल संचालन पूर्व व्यायाम शिक्षक श्री सदानन्द भट्ट द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में अर्जुन कुमार, जीवन खोलिया, ललित भट्ट, कैलाश भट्ट, मनीष जोशी, विक्रम बिष्ट, इन्द्रजीत सामंत, योगेश चौहान, जितेन्द्र कुमार, प्रेम प्रकाश खड़ायतवाल, दीपक पन्त, कैलाश मेहरा, जोश सिंह, कमला कन्याल, कल्पना बोहरा, प्रेम, संगीता राज सहित व्यायाम शिक्षकों, खेलकर्मियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा । _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज