नई दिल्ली। केंद्रीय पंचायती राज तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने शनिवार को नई दिल्ली में "51 कहानियां बदलाव की, पंचायत सुराज की" नामक विशेष संकलन का विमोचन किया। इस अवसर पर पंचायती राज मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने कहा कि यह संकलन पंचायती राज व्यवस्था से जुड़े सभी हितधारकों के लिए प्रेरणा और सीख का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का प्रभावी समाधान उत्तरदायी, सहभागी और नागरिक-केंद्रित शासन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।
पंचायती राज मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के विजन के अनुरूप मंत्रालय ने सीपीग्राम्स (CPGRAMS) के माध्यम से जनशिकायतों के समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि देश के दूरदराज़ क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए लगातार किए जा रहे प्रयासों से एक जवाबदेह और नागरिक-अनुकूल शिकायत निवारण प्रणाली विकसित हुई है, जिससे सरकारी संस्थाओं के प्रति लोगों का विश्वास भी बढ़ा है।
मंत्रालय द्वारा विभिन्न राज्यों के पंचायती राज विभागों के सहयोग से तैयार इस संकलन में सीपीग्राम्स पर प्राप्त जनशिकायतों के सफल निवारण से जुड़ी 51 प्रेरक केस स्टडी शामिल की गई हैं। ये उदाहरण दर्शाते हैं कि समय पर और प्रभावी शिकायत समाधान से न केवल सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हुआ है, बल्कि जवाबदेही मजबूत हुई है, बुनियादी नागरिक सुविधाओं का विकास हुआ है और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
मंत्रालय का मानना है कि यह संकलन देशभर की पंचायतों और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए एक उपयोगी संदर्भ दस्तावेज के रूप में कार्य करेगा तथा बेहतर जनसेवा और सुशासन की दिशा में प्रेरणास्रोत बनेगा।


